देहरादून- पूर्व मुख्य सूचना आयुक्त शत्रुघ्न सिंह को मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत का मुख्य सलाहकार बनाया गया है। सचिवालय प्रशासन अनुभाग द्वारा आज उनका नियुक्ति पत्र जारी कर दिया गया है। बीते दिन 18 मई को शत्रुघ्न सिंह ने मुख्य चुनाव आयुक्त के पद से अचानक इस्तीफा दे दिया था। इस बात के पहले से कयास लगाये जा रहे थे कि सीएम तीरथ सिंह रावत उन्हें अपनी टीम में अहम जिम्मेदारी दे सकते हैं।
प्रशासन समेत कई क्षेत्रों का गहन अनुभव रखने वाले पूर्व नौकरशाह शत्रुघ्न सिंह को मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत की टीम में अहम जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें सीएम का चीफ एडवाइजर बनाया गया है। कोरोना संकट के दौर में राज्य सरकार के सामने कई चुनौतियां हैं और सरकारी मशीनरी से काम लेने के लिये मुख्यमंत्री को शत्रुघ्न सिंह जैसे अनुभवी नौकरशाह की जरूरत थी। मुख्यमंत्री के सामने कोरोना महामारी के दौरान आम नागरिकों को त्वरित मदद, पारदर्शिता व सुशासन के मोर्चे पर बेहतर प्रदर्शन की चुनौती है। और इस काम को प्रदेश के मुख्य सचिव, मुख्य सूचना आयुक्त समेत विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके शत्रुघ्न सिंह बखूबी निभा सकते हैं।
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने उन्हें अपनी टीम का हिस्सा बनाया है। शत्रुघ्न सिंह ने नवंबर 2016 में मुख्य सूचना आयुक्त का पदभार संभाला था। पांच साल का कार्यकाल पूरा होने में करीब छह महीने शेष रहते हुए उन्होंने पद छोड़ दिया। शत्रुघ्न सिंह 17 नवंबर, 2015 को राज्य के 13वें मुख्य सचिव बने थे। करीब एक साल उन्होंने इस जिम्मेदारी का निर्वहन किया था। 1983 बैच के आईएएस शत्रुघ्न सिंह ईमानदार छवि के कर्मठ अधिकारी माने जाते हैं। उन्हें दूसरे अधिकारियों से काम लेना बखूबी आता है।