भारत के पूर्व कप्तान और स्पिन की दुनिया के जादूगर कहे जाने वाले बिशन सिंह बेदी नहीं रहे। 77 साल की उम्र में आज उनका निधन हो गया। वो लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनके निधन से खेल जगत में शोक की लहर है। बिशन सिंह बेदी लंबे समय तक भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रहे और दुनिया के धाकड़ स्पिनरों में उनका नाम शामिल किया जाता है। इस महान स्पिनर ने 1967 और 1979 के बीच भारत के लिए 67 टेस्ट मैच खेले और 266 विकेट लिए। उन्होंने 10 एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में 7 विकेट भी लिए। बेदी ने भारत की पहली वनडे जीत में अहम भूमिका निभाई थी। अमृतसर में जन्मे स्पिनर बेदी ने घरेलू सर्किट में दिल्ली का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने डोमेस्टिक क्रिकेट में 370 मैचों में 1,560 विकेट लिए। बिशन सिंह बेदी ने 31 दिसंबर 1966 को कोलकाता के ऐतिहासिक स्टेडियम ईडन गार्डंस से टेस्ट करियर का आगाज किया था। आज उनके निधन पर सेलिब्रिटिजी से लेकर तमाम क्रिकेटरों ने गहरा दुख प्रकट करते हुये उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।