कांवड़ मेला को लेकर सात राज्यों ने कसी कमर, दिल्ली-दून एक्सप्रेस-वे पर नहीं निकलेगी यात्रा
कांवड़ मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षित और व्यवस्थित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए उत्तराखंड ने पड़ोसी राज्यों के साथ समन्वय की तैयारी तेज कर दी है।
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में शुक्रवार को हरिद्वार के मेला नियंत्रण भवन में आयोजित अंतरराज्यीय समन्वय बैठक में उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के अधिकारियों ने साझा कार्ययोजना पर मंथन किया।
निर्णय लिया गया कि कांवड़ यात्रा के दौरान राज्यों के बीच सूचनाओं का रियल टाइम आदान-प्रदान किया जाएगा। उत्तराखंड की सीमाओं पर पड़ोसी राज्यों की पुलिस के साथ संयुक्त चेकपोस्ट और बैरियर स्थापित किए जाएंगे। आधुनिक सर्विलांस प्रणाली विकसित कर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।
30 जुलाई से 11 अगस्त तक चलेगी कांवड़ यात्रा
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि 30 जुलाई से 11 अगस्त तक चलने वाली कांवड़ यात्रा देश के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में शामिल है। ऐसे में सभी राज्यों को सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, यातायात, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पेयजल और आपदा प्रबंधन की तैयारियां समय रहते पूरी करनी होंगी। बैठक में इंटरनेट मीडिया पर विशेष निगरानी रखने और अफवाह या भ्रामक सूचनाओं का तत्काल तथ्यात्मक खंडन करने की रणनीति भी तय की गई।
