उत्तराखंड रोडवेज की बसों से सफर करने वाले हजारों यात्रियों को आज भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। रोडवेज की हड़ताल के चलते उत्तराखंड के हरिद्वार और उधमसिंह नगर जाने वाले यात्रियों को पहले यूपी के मुरादाबाद जाना पड़ रहा है और उसके बाद वहां से उत्तराखंड की बस पकड़नी पड़ रही है। आज उत्तराखंड में रोडवेज की बसों का संचालन नहीं हुआ। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर रोडवेज कर्मचारी हड़ताल पर रहे और बसें जहां की तहां खड़ी रहीं। उत्तराखंड परिवहन निगम कर्मचारी संयुक्त मोर्चे ने आज सुबह से शाम पांच बजे तक बसों का संचालन बंद रखा और इससे यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हड़ताल पर गये रोडवेज कर्मचारियों का आरोप है कि सरकार लम्बे समय से संविदा पर काम कर रहे कर्मचारियों को नियमित नहीं कर रही। साथ ही रोडवेज की संपत्तियों को भी खुर्द-बुर्द करने की तैयारी चल रही है। साथ ही प्राइवेट बस संचालकों के साथ मिलकर रोडवेज की बसों की संख्या घटाई जा रही है। हड़ताली कर्मचारियों का आरोप है कि सरकार जब तक मांगे नहीं मानती आंदोलन चलता रहेगा। और 31 जनवरी से रोडवेज के कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल चले जाएंगे।