Monday, September 7, 2026
उत्तराखंड

सैन्य धाम को लेकर मंत्री गणेश जोशी के बयान पर विपक्ष का पलटवार, कहा सैन्य धाम का राजनीतिकरण ठीक नहीं

उत्तराखंड के सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी के बयान को लेकर उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के पूर्व सैनिक विभाग ने सवाल उठाए हैं. कांग्रेस ने सैन्य धाम से जुड़े मंत्री गणेश जोशी के उसे कथित बयान पर गंभीर सवाल उठाए हैं जिसमें उन्होंने सैन्य धाम के संदर्भ में चुनावी लाभ लिए जाने की बात कही थी.

कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में पूर्व सैनिक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष रिटायर्ड कर्नल राम रतन सिंह नेगी ने मीडिया से वार्ता की. उन्होंने कहा अगर किसी मंत्री की ओर से शहीदों की स्मृति में निर्मित स्मारक को चुनावी लाभ लेने से जोड़ा जा रहा है तो यह सार्वजनिक विमर्श और सैनिक सम्मान दोनों के लिए गंभीर विषय है. उन्होंने मांग उठाई की मंत्री को अपने बयान पर सार्वजनिक स्पष्टीकरण देना चाहिए. साथ ही उन्हें नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद से इस्तीफा दे देना चाहिए.

उन्होंने कहा सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि शहीद किसी राजनीतिक दल के नहीं होते हैं. जिस सैनिक ने सीमा पर खड़े होकर देश की रक्षा की हो, उसकी राजनीतिक पहचान नहीं बल्कि उसकी पहचान भारत माता के वीर सपूत के रूप में की जाती है. सेवानिवृत कर्नल नेगी ने कहा जिस मां ने अपने बेटे को वर्दी पहनाकर देश की सेवा के लिए भेजा वह अपनी संतान किसी पार्टी को नहीं देती, क्योंकि वह उसे भारत माता को समर्पित करती है.
उन्होंने कहा सैन्य धाम में लाई गई 1734 शहीद परिवारों के आंगन की मिट्टी इसी राष्ट्रीय भावना का प्रतीक है, इसलिए सैन्य धाम केवल भवन नहीं बल्कि देश के लिए अपना सर्वाेच्च बलिदान देने वाले सैनिकों की स्मृति और सम्मान से जुड़ा राष्ट्रीय महत्व का स्मारक है. इसके निर्माण में पारदर्शिता, समयबद्धता और सार्वजनिक जवाब देही सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए. इसे किसी भी राजनीतिक दल की चुनावी पूंजी नहीं बनाया जा सकता है. इस दौरान उन्होंने सैनिक धाम के निर्माण में हो रही देरी लगातार बढ़ती लागत और परियोजना से जुड़े वित्तीय और प्रशासनिक सवालों को लेकर राज्य सरकार पर गंभीर प्रश्न चिन्ह खड़े किए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *