नवमी पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने जिमाई कन्या, मां दुर्गा के नौ स्वरूपों का लिया आशीर्वाद
नवमी के दिन मंगलवार को उत्तराखंड भर में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा अर्चना की जा रही है। इस क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी मुख्यमंत्री आवास में कन्या जिमाई।
इस दौरान सीएम धामी ने विधि विधान से कन्या पूजन किया और कन्याओं से आशीर्वाद प्राप्त किया। सभी देवी स्वरूप कन्याओं के चरणों को धोकर उन्हें अपने मुख्यमंत्री आवास पर बैठाया। सीएम धामी ने मुख्यमंत्री आवास पर नौ दुर्गा की प्रतीक नौ कन्याओं को भोजन कराया। मुख्यमंत्री ने निर्मल बुद्धि एवं अष्ट सिद्धियों की प्रदाता मां सिद्धिदात्री से प्रदेश और प्रदेशवासियों की सुख समृद्धि की कामना भी की। नवरात्रि के अवसर पर उत्तराखंड के सिद्धपीठों में नवमी पूजन धूमधाम से किया गया। बाजारों में भी खूब चहल-पहल दिखी। मंदिरों व घरों में कन्याओं का पूजन कर भोजन कराया और जौ की हरियाली को प्रसाद के रूप में वितरित किया।