देश की राजधानी दिल्ली में 12 साल के एक लड़के के साथ रेप करने का मामला सामने आया है। चार लोगों ने कथित तौर नाबालिग बच्चे का रेप किया। साथ ही आरोपियों ने नाबालिग लड़के को लाठियों से पीटा और मृत समझकर छोड़ दिया। दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने घटना के बारे में ट्वीट कर कहा कि दिल्ली में लड़के भी सुरक्षित नहीं हैं।
दिल्ली में लड़की तो क्या लड़के भी सुरक्षित नहीं हैं। एक 12 साल के लड़के के साथ 4 लोगों ने बुरी तरह से रेप किया और डंडों से पीटकर अधमरी हालत में छोड़कर चले गए। हमारी टीम ने मामले में FIR दर्ज करवाई। 1 आरोपी गिरफ़्तार, 3 अब भी फ़रार, दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर रही हूँ। pic.twitter.com/tXrqK7xkwm
— Swati Maliwal (@SwatiJaiHind) September 25, 2022
राजधानी के सीलमपुर इलाके में एक 12 साल के बच्चे के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। दिल्ली महिला आयोग को मिली शिकायत में सीलमपुर निवासी महिला ने बताया कि उसके 12 बर्षीय बेटे के साथ चार लोगों ने निर्दयता से दुष्कर्म किया। मां ने बताया कि बेटे के साथ सामूहिक रूप से दुष्कर्म करने के साथ ही अपराधियों ने उसके प्राइवेट पार्ट में रॉड डाल दी और ईंटों और रॉड से बुरी तरह से मारपीट की। जिसके बाद माता-पिता ने इसकी सूचना दिल्ली पुलिस को दी और लड़के को अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है। इस बीच दिल्ली पुलिस ने इस मामले में अब तक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है जबकि तीन अन्य फरार हैं।
इस घटना पर संज्ञान लेते हुए दिल्ली महिला आयोग (DCW) ने दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है। आयोग ने पुलिस से इस मामले में दर्ज की गई एफआईआर (FIR) की कॉपी, गिरफ्तार किए गए आरोपियों की जानकारी, अगर नहीं गिरफ्तार हुए हैं तो इसके पीछे का कारण और इस पूरे मामले पर लिए गए एक्शन की पूरी रिपोर्ट 28 सितंबर तक देने के लिए कहा है।