मुरादाबाद-यूं तो गरीब बेसहारा लोगों की मदद करने वालों की कई काहानियां सुनने को मिल जाती हैं लेकिन तब आप क्या कहेंगे जब आपको पता चले कि किसी इंसान ने अपने जीवन भर की कमाई एक झटके में दान कर दी हो। जी हां ऐसा ही कुछ किया है उत्तर प्रदेश मुरादाबाद के उद्योगपति डॉ.अरविंद कुमार गोयल ने। डॉ गोयल ने अपनी पूरी संपत्ति गरीबों के लिए दान कर दी है। संपत्ति की कुल कीमत करीब 600 करोड़ रुपए है। गोयल ने अपने पास सिर्फ मुरादाबाद सिविल लाइंस स्थित एक कोठी रखी है। उन्होंने इस संपत्ति को अर्जित करने में जीवन के 50 साल लगा दिये थे। गोयल ने दान सीधे राज्य सरकार को दिया है। ताकि जरूरतमंदों तक मदद पहुंचाई जा सके। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में 100 से ज्यादा शिक्षण संस्थान, वृद्धा आश्रम और अस्पताल में वह ट्रस्टी हैं। कोविड लॉकडाउन के दौरान भी मुरादाबाद के 50 गांवों को गोद लेकर उन्होंने लोगों को मुफ्त खाना और दवा दिलवाई थी। एक सवाल सभी के मन उठ रहा है कि दानवीर गोयल के इस फैसले पर उनके परिवार ने क्या प्रतिक्रिया दी होगी। तो आपको बता दें कि डॉ. गोयल के परिवार में उनकी पत्नी रेनू के अलावा दो बेटे और एक बेटी है। बच्चों और पत्नी ने उनके इस फैसले का स्वागत किया है। जब गोयल से पूछा गया कि उन्होंने आखिर अपनी जीवनभर की कमाई गरीबों के लिये दान क्यों की। तो उन्होंने सिर्फ इतना कहा जीवन का कोई भरोसा नहीं, आज से 25 साल पहले मैने एक बेसहारा व्यक्ति को नंगे पांव ठंड में ठिठुरते देखा मैने उसे अपने जूते उतार कर दे दिये और सोचा ऐसे न जाने कितने लोग होंगे जिन्हें मदद की दरकार होगी बस उसी दिन फैसला कर लिया कि एक दिन वो अपनी सारी संपत्ति को दान कर देंगे और आज वही दिन है।