भाजयुमो की राष्ट्रीय अध्यक्ष पूनम महाजन ने कहा- आत्मनिर्भर भारत बनाने में योद्धा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत अभियान को सफल बनाने में भारतीय जनता युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं को योद्धा की तरह जुटना होगा। गुरुवार को यह आह्वान राष्ट्रीय अध्यक्ष पूनम महाजन ने वर्चुअल रैली के जरिए युवा अभियान की शुरुआत करते हुए किया।
भाजयुमो की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में लिए संकल्प को दोहराते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष पूनम महाजन ने कहा कि जिस प्रकार सोल्जर स्वयं को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत रखकर देश की सेवा करता है। वैसे ही युवा मोर्चा का प्रत्येक कार्यकर्ता समाज के निचले पायदान तक सबकी चिंता करेगा। अर्थव्यवस्था को ऊंचाई तक पहुंचाने का काम भी करेगा।
प्रदेश अध्यक्ष सुभाष यदुवंश ने बताया कि उत्तर प्रदेश से करीब एक लाख लोगों ने पूनम महाजन को लाइव सुना और विभिन्न सोशल माध्यमों से शेयर भी किया। उन्होंने बताया कि युवा मोर्चा दस जून तक कुल 75 युवा संवाद आयोजित करेगा। शुक्रवार को 11 आयोजन होंगे। इनमें महामंत्री संगठन सुनील बंसल, सांसद सुब्रत पाठक व बेसिक शिक्षा मंत्री सतीश द्विवेदी सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।