हरियाणा के करनाल में बड़ा हादसा, राइस मिल की तीन मंजिला इमारत गिरने से 4 मजदूरों की मौत, 20 घायल
हरियाणा के करनाल में मंगलवार को राइस मिल की तीन मंजिला इमारत गिरने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में करीब 4 मजदूरों की मौत हो गई और कई मजदूरों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, अभी इमारत के गिरने का कारण साफ नहीं हो पाया है। करनाल में शिव शक्ति राइस मिल की इमारत गिरने से यह हादसा हुआ है। हादसे से प्रशासन में हडकंप मचा हुआ है। फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और पुलिस मौके पर पहुंची। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। बुल्डोजर के जरिए इमारत के मलबे को हटाने का प्रयास किया जा रहा है।
हादसे में चार मजदूरों की मौत
राइस मिल की तीन मंजिला इमारत तड़के 3:30 बजे अचानक गिर गई। करीब 20 से ज्यादा मजदूर मलबे में फंस गए जबकि चार मजदूरों की मौत हो गई। कई मजदूर गंभीर रुप से घायल हो गए हैं। घायल मजदूरों को कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है।
जानकारी के अनुसार इमारत में 157 मजदूर रहते थे। इनमें से कुछ मजदूर रात को काम पर गए हुए थे जबकि 20-25 मजदूर बिल्डिंग में सो रहे थे। सुबह करीब तीन बजे इमारत सोते हुए मजदूरों पर गिर गई। बिल्डिंग गिरने से 20 मजदूर मलबे में दब गए जबकि 4 मजदूरों की मौत हो गई। पुलिस व रेस्क्यू टीम फंसे हुए मजदूरों को बाहर निकाल रहे हैं।
डीसी व एसपी मौके पर मौजूद
सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंची। डीसी अनीश यादव व एसपी शशांक सावन भी मौके पर पहुंचे। SP शशांक सावन ने बताया कि इस हादसे में कुल 24 लोग प्रभावित हुए हैं जिनमें से 20 घायल हैं और 4 की मौत हो गई है। घटना के समय करीब 150 कर्मचारी इमारत के अंदर थे। घायलों को एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रथम दृष्टया हमने पाया कि इमारत में कुछ खामियां थीं। घटना की जांच के लिए कमेटी बनेगी। राइस मिल मालिकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी।