पौड़ीः देवप्रयाग-पौड़ी मोटर मार्ग पर कुंडाधार के समीप आज सुबह एक मारुति कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार पति-पत्नी की मौत हो गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने पुलिस को इस बात की सूचना दी। सड़क से गुजर रहे कुछ ग्रामीणों ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को खाई में देखा था। पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से महिला और पुरूष को निकालकर उपचार के लिये देवप्रयाग अस्पताल भेजा। जहाँ चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
एसओ देवप्रयाग संदीप ने बताया कि उज्याड़ी गांव के रहने वाले रविन्द्र सिंह उम्र 48 साल और उनकी पत्नी सुषमा देवी उम्र 44 साल आज सुबह अपने वाहन मारुति सिलेरियो कार से पौड़ी से देहरादून की तरफ जा रहे थे। तभी सबदरखाल के कुंडाधार के समीप उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क से 200 मीटर नीचे जा गिरी। वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना उन्हें ग्रामीणों से प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर रेस्क्यू करने पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से दोनों को वाहन से बाहर निकाला और उपचार के लिए देवप्रयाग अस्पताल ले जाया। जहां डॉक्टर ने दोनों लोगो को मृत घोषित कर दिया।