पोस्टर वाॅर के बाद सड़कों पर उतरी कांग्रेस, केन्द्र सरकार का पुतला फूंका
देहरादून- दिल्ली में पीएम मोदी की आलोचना वाले पोस्टर मामले में हुई गिरफ्तारियों का कांग्रेस ने देशभर में विरोध शुरू कर दिया है। कांग्रेस का आरोप है कि पुलिस द्वारा जिन लोगों की गिरफ्तारी की गई है वह आम मजदूर हैं जिन्हें केवल पोस्टर लगाने के पैसे मिले थे। अब कांग्रेस महासचिव प्रियंका गाधी, सांसद राहुल गांधी समेत बड़े नेता सोशल मीडिया पर पोस्टर चस्पा कर “मुझे भी गिरफ्तार करो” का स्लोगन लिख रहे हैं।

कांग्रेस ने अपने तमाम प्रदेश कार्यालयों पर भी “मोदी जी हमारे बच्चों की वैक्सीन विदेश क्यों भेजी?” लिखे बड़े बड़े पोस्टर लगा दिये गये हैं। इधर मंगलवार को उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस ने भी इस मामले में विरोध-प्रदर्शन किया। महानगर अध्यक्ष लाल चंद्र शर्मा की अगुवाई में कांग्रेसियों ने सड़क पर उतर केन्द्र और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने केन्द्र सरकार का पुतला दहन भी किया।

कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष लाल चंद्र शर्मा ने कहा कि मोदी जी ने अपनी छवि सुधारने के चक्कर में भारत के करोड़ों लोगों के जीवन को संकट में डाल दिया है। जितनी मात्रा में वैक्सीन बाहर देशों को भेजी गई है अगर आज वह अपने देश में होती तो करोड़ों लोग बच सकते थे। उन्होंने राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुये कहा कि 18 वर्ष से अधिक आयु वालों को राज्य में वैक्सीन नहीं मिल पा रही है। पूरी दुनिया में भारत के हालात सबसे खराब हैं और यहां वैक्सीन खत्म होती जा रही है।