उत्तराखंड रोडवेज की 350 बसों के थमेंगे पहिए, अनुबंधित बस संचालकों ने दी हड़ताल की चेतावनी
उत्तराखंड परिवहन निगम के बेड़े में शामिल अनुबंधित बसों के संचालक सात अगस्त से हड़ताल पर जाने वाले हैं. ऐसे में न सिर्फ उत्तराखंड परिवहन निगम की कमाई पर असर पड़ेगा, बल्कि हजारों यात्रियों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा. सबसे ज्यादा दिक्कत दिल्ली रूट पर आएगी, क्योंकि इस रूप पर उत्तराखंड परिवहन निगम करीब 205 अनुबंधित बसें संचालित कर रहा है.
दरअसल, अनुबंधित बस संचालक लंबे समय से अपने भुगतान को लेकर उत्तराखंड परिवहन निगम मुख्यालय के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अभी तक भुगतान की स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है. सोमवार को भी अनुबंधित बस संचालक उत्तराखंड परिवहन निगम के मुख्यालय पहुंचे थे. इस दौरान उनकी निगम के अधिकारियों से लंबी बातचीत हुई, लेकिन बकाया भुगतान को लेकर कोई ठोस निर्णय नहीं हो पाया.
आखिर में अनुबंधित बस संचालकों ने उत्तराखंड परिवहन निगम के महाप्रबंधक पवन मेहरा को ज्ञापन सौंपकर सात अगस्त से अनुबंधित बसों के संचालक को रोकने की बात कही है. वर्तमान समय में 350 अनुबंधित बसों का संचालन प्रदेश में किया जा रहा है, लेकिन निगम ने अभी तक मई और जून महीने का भुगतान नहीं किया. ऐसे में संचालक काफी नाराज है.
