उत्तराखंड का मौसम आज भी बदला हुआ है। केदारनाथ और बद्रीनाथ में सुबह से ही बर्फबारी हुई। गंगोत्री यमुनोत्री सहित जिला मुख्यालय और आसपास के क्षेत्रों में सुबह तेज वर्षा रही। जबकि, हेमकुंड साहिब में हिमपात हुआ। वहीं कई मैदानी क्षेत्रों में बारिश जारी है। देहरादून में बारिश होने से सोमवार से अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस कम आंका गया है। वहीं आज मंगवार को तापमान सामान्य से 12 डिग्री सेल्सियस कम आंका गया है जोकि 23 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग ने देहरादून में तेज वर्षा और 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना जताई है। इसके तहत मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही सोमवार से मौसम बिगड़ने के चलते प्रदेश में मलवा निकालने का कार्य भी बाधित हुआ है। बारिश का पानी जमा होने से वाहन चलाने में चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।