उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज, हर्षिल, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री में बर्फबारी, देहरादून समेत मैदानी इलाकों में झमाझम बारिश
गर्मी के मौसम की आहट के बीच अचानक उत्तराखंड में मौसम ने करवट ली है। मौसम बदला तो उत्तराखंड के उंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में जमकर बारिश हुई है।
हर्षिल घाटी में आज सुबह से लगातार बर्फबारी जारी है। वहीं गंगोत्री यमुनोत्री में भी बर्फबारी हुई है। केदारनाथ में बर्फबारी के चलते मौसम बेहद सर्द हो गया है। मां गंगा के शीतकालीन प्रवास मुखबा में भी जमकर बर्फबारी हुई है।
पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी तो राज्य के मैदानी इलाकों में जमकर बारिश हो रही है। देहरादून, हरिद्वार, उधमसिंह नगर में बारिश हुई है। देहरादून में सुबह 5 बजे से लगातार बारिश गिरती रही।
मौसम में अचानक आये बदलाव के बाद राज्य में एक बार फिर ठंड बढ़ गई है। जबकि बीते दिन तक राज्य के मैदानी इलाकों में गर्मी का एहसास होने लगा था।
मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के ज्यादातर इलाकों में मौसम का मिजाज आज भी बदला रह सकता है। देहरादून, पौड़ी, टिहरी, हरिद्वार, नैनीताल, चंपावत और ऊधमसिंह नगर में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि हो सकती है। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं।