आज पहाड़ों में गर्मी से कुछ हद तक राहत, मैदान में लू बढ़ाएगी परेशानी, मौसम विभाग ने जारी किया यलो अलर्ट
आज राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में गर्मी से कुछ हद तक राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार आज पर्वतीय जिलों में मौसम कुछ राहत दे सकता है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल और चम्पावत में आज गर्जन के साथ हल्की बारिश के आसार बन रहे हैं। हालांकि मैदानी क्षेत्रों में गर्मी की मार बरकरार रहेगी साथ ही पारा परेशान करेगा और लू चलेगी। इसको लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। गर्मी की मार से बुधवार को मैदान से लेकर पहाड़ तक हर क्षेत्र बेहाल थे। मैदानी जिलों में अधिकांश जगह अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। सबसे ज्यादा तापमान हरिद्वार में 41.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं राजधानी में तापमान सामन्य से पांच डिग्री अधिक 40.3 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि 10 जून के बाद पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है। इस बार शुष्क दौर लंबा गुजरने के कारण मैदानी क्षेत्रों में तापमान पिछले एक सप्ताह से 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक चल रहा है।