आग की चपेट में उत्तराखंड के जंगल हो रहे खाक, लाखों की वन संपत्ति को हो रहा नुकसान
गर्मी बढ़ने के साथ ही उत्तराखंड के जंगलों में आग लगने की घटनाएं बढ़ती जा रही है। राज्य के पहाड़ों में जंगलों में आग लगने की घटनाएं जारी है। बढ़ते तापमान, पतझड़ और तेज हवाओं के कारण आग और भड़क रही है। पहाड़ों में पिछले कई दिनों से जंगलों में आग सुलग रही है। बता दें कि पिछले 24 घंटे में प्रदेश में 78 नई घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें करीब 113 हेक्टेयर वन क्षेत्र को नुकसान पहुंचा है। इसी के साथ फायर सीजन में अब तक 799 घटनाएं हो चुकी हैं। जिसमे कुल 1134 हेक्टर वन क्षेत्र प्रभावित हुआ है। साथ ही लाखों की वन संपदा को भी नुकसान पहुंचा हैं। बता दें कि पौड़ी जिले के लैंसडौन और दुगड्डा रेंजों में पिछले दस दिनों में कई जंगल आग की चपेट में आने से खाक हो चुकें हैं। उत्तरकाशी जनपद के जंगल भी पिछले दो दिनों से आग की चपेट में है। चमोली जिले में गोपेश्वर के पास रैली के जंगलों में भी आग लगी है। आग को बस्ती की ओर जाने से रोकने के लिए फायर ब्रिगेड सहित वन कर्मी तैनात हैं। इस क्षेत्र में वन विभाग, पुलिस अधीक्षक, जिलाधिकारी सहित अधिकारियों के आवास हैं।