Uttarakhand weather: उत्तराखंड में इस दिन से मौसम लेगा करवट, इन 5 जिलों में भारी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट, रहें सावधान
Uttarakhand weather: उत्तराखंड में लंबे समय से जारी शुष्क ठंड का दौर अब खत्म होने वाला है. मौसम विभाग के मुताबिक 22 जनवरी से पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी शुरू होगी. 23–24 जनवरी को ऑरेंज अलर्ट है. भारी हिमपात से ठंड बढ़ेगी, लेकिन इससे खेती, जल स्रोत और पर्यटन को फायदा मिलेगा.
देहरादून. उत्तराखंड में लंबे समय से जारी शुष्क मौसम और ‘कोरी ठंड’ का सितम अब खत्म होने की कगार पर है, जहां इस समय पहाड़ों को बर्फ की सफेद चादर से ढका होना चाहिए था, वहीं इस बार मैदानों जैसी खुश्की देखने को मिल रही है. हालांकि, मौसम विभाग (IMD) की ताजा भविष्यवाणी ने किसानों और पर्यटकों के चेहरे पर मुस्कान ला दी है. विभाग के अनुसार, प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने वाला है और जल्द ही ऊंची चोटियों पर हिमपात के साथ बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है
22 जनवरी से करवट लेगा उत्तराखंड का मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक, 22 जनवरी से राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम करवट लेगा. इसकी शुरुआत हल्की बारिश और बर्फबारी से होगी, जबकि मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की उम्मीद है, जिससे ठिठुरन और बढ़ सकती है. 23 से 25 जनवरी के बीच मौसम का प्रभाव सबसे अधिक रहेगा, विशेष रूप से 23 और 24 जनवरी के लिए विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जो इस सीजन में बर्फबारी की पहली बड़ी चेतावनी है.
मौसम विभाग की विशेष प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों के लिए विशेष सावधानी बरतने की हिदायत दी गई है. इन जिलों में 2800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी होने की प्रबल संभावना है. भारी हिमपात के कारण इन पर्वतीय क्षेत्रों में ‘शीत दिवस’ जैसी स्थिति बन सकती है, जिससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जाएगी और जनजीवन प्रभावित होने के आसार हैं.
प्रशासन और मौसम विभाग ने भारी बर्फबारी की चेतावनी को देखते हुए यात्रियों और स्थानीय निवासियों के लिए परामर्श करना जारी किया है. 23 जनवरी को तीव्र हिमपात के कारण पर्वतीय जिलों की मुख्य सड़कों और संपर्क मार्गों के बंद होने का खतरा है. ऐसे में लोगों को अनावश्यक यात्रा न करने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है. इसके अलावा बर्फबारी से बिजली और पानी की आपूर्ति बाधित होने की भी आशंका है, जिसके लिए स्थानीय प्रशासन को सतर्क कर दिया गया है.
आने वाली चुनौतियों को देखते हुए लोगों को खाद्य सामग्री और आवश्यक दवाओं का स्टॉक पहले से ही रखने का सुझाव दिया गया है. वहीं बुधवार को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और सुबह-शाम पाला गिरने से कड़ाके की ठंड पड़ेगी, वहीं 22 तारीख से शुरू होने वाला यह मौसमी बदलाव उत्तराखंड के सूखे पहाड़ों को फिर से गुलजार कर सकता है. यह बर्फबारी न केवल पर्यावरण और जल स्रोतों के लिए संजीवनी का काम करेगी, बल्कि पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों के लिए भी शुभ संकेत लेकर आई है. वहीं आज के मौसम की बात करें तो आज प्रदेश के पर्वतीय जिलों में कहीं -कहीं पाला पड़ने की संभावना है. आज देहरादून का आसमान मुख्यत साफ रहेग राजधानी का अधिकतम तापमान 25°C और न्यूनतम तापमान 07°C के लगभग रहने की संभावना है.
