उत्तराखंड के सभी विश्वविद्यालयों और उनसे संबद्ध कॉलेजों में सत्र 2022-2023 सत्र से नई शिक्षा नीति लागू की जानी है। इसी के तहत इसी सत्र से सेमेस्टर और क्रेडिट आधारित नए पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे, जिसमें एक साल में दो सेमेस्टर का सिलेबस सर्टिफिकेट कोर्स बना है। सिलेबस में हर सेमेस्टर में एक सप्ताह में कितने लेक्चर होंगे, इसे भी तय किया जा चुका है। नई शिक्षा नीति लागू करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य बनने जा रहा है। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा है कि इसे इसी साल से शुरू किया जाएगा। वहीं नई शिक्षा नीति के तहत पाठ्यक्रम तैयार किए जाने के लिए माध्यमिक शिक्षा मंत्री की अध्यक्षता में पूर्व में टास्क फोर्स गठित की गई थी। आपको बता दें कि पिछले छह महीने से इस शिक्षा नीति पर काम किया जा रहा था। जिसके बाद उच्च शिक्षा में नई शिक्षा नीति के तहत पाठ्यक्रम तैयार कर लिया गया है। मुख्य सचिव के सामने इसके प्रस्तुतिकरण के बाद एक और बैठक होनी है। इसके बाद इसे कैबिनेट में इसे लाया जाएगा। शिक्षा नीति के तहत सभी विश्वविद्यालयों में इसे एक साथ लागू किया जाएगा। इसके तहत कला, भाषा, विज्ञान, वाणिज्य, प्रबंधन और कौशल विकास से संबंधित सभी विषयों के पाठ्यक्रम तैयार कर लिए गए हैं।