उत्तराखंड में मौसम की बड़ी मार, सफेद चमकता हिमालय भी पड़ गया काला
नेपाल से लेकर भारत के हिंदूकुश हिमालय के सफेद चमकते पहाड़ इन दिनों काले पड़ चुके हैं। चोटियों में बर्फ पिघलती जा रही है और नई बर्फबारी का नामो निशान तक नहीं है। दिसंबर के महीने में बर्फ की कमी के चलते हिमालय काला पड़ जाए ऐसा पहले कभी नहीं हुआ ।
हिमालय की ये ताजा तस्वीरें सामने आईं हैं, जो बेदह चिंताजनक हैं।
चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी और उत्तरकाशी, अल्मोड़ा के ऊंचे इलाकों से दिखने वाली हिमालय की चोटियां बर्फ से विहीन होकर काली और शुष्क नजर आ रही हैं।
आमतौर पर, इस समय इन चोटियों पर मोटी बर्फ की परत चढ़ जाती थी, जो ग्लेशियर के लिए सुरक्षा कवच का काम करती थी। लेकिन इस बार न केवल बर्फबारी में कमी आई है, बल्कि मानसून के बाद अभी तक उत्तराखंड बारिश तक नहीं हुई है।
गंगोत्री हिमालय और यमुनोत्री के पहाड़ भी अब काले पत्थरों और मिट्टी के रूप में दिखाई दे रहे हैं।
मौसम वैज्ञानिकों ने हिमालय की इस स्थिति को जलवायु परिवर्तन और मौसम के असामान्य पैटर्न से जोड़ा है।
हिमालय जैसे अति संवेदनशील क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं पूरे पारिस्थितिकी तंत्र को असंतुलित कर सकती हैं। और ये हालात न केवल स्थानीय स्तर पर बल्कि वैश्विक पर्यावरण पर भी गंभीर प्रभाव डाल सकते हैं।