कल से उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला की शुरुआत हो जाएगी। ‘हरेला’ एक हिंदू त्यौहार है जो मूल रूप से उत्तराखण्ड राज्य के कुमाऊँ क्षेत्र में मनाया जाता है। एक दूसरे की उन्नति, समृद्धि और लंबी उम्र की कामना के साथ कल से लोक पर्व हरेला का उत्सव शुरू हो जाएगा। हरेला पर्व पर लोग सुबह पवित्र नदियों में स्नान कर पूजा अर्चना के बाद पौधा रोपण करते हैं। विभिन्न स्थानों पर छायादार, फलदार एवं औषधीय पौधे लगाकर धरती को हरा-भरा रखने का संकल्प लिया जाता है। आपको बता दें कि पर्यावरण संरक्षण के लिए काम करने वाले संगठन और समाजसेवी इस त्योहार को बड़ी धूमधाम के साथ मनाते हैं। वृक्षारोपण करने और पेड़-पौधों को सुरक्षित बड़ा करने के लिए भी लोगों को प्रेरित किया जाता है। पर्यावरण संरक्षण व लोगों को पौधारोपण के लिए प्रेरित करने के लिए इस वर्ष लोकपर्व हरेला के लिए सेल्फी विथ प्लांट थीम दी गई है। नमामि गंगे अभियान के तहत इस बार लोगों को पौधरोपण के साथ उनके संरक्षण के लिए प्रेरित किया जाएगा।