भारतीय टेस्ट टीम में शामिल हुये उत्तराखंड के बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वरन
26 दिसंबर से शुरू हो रहे भारत-साउथ अफ्रीका टेस्ट में उत्तराखंड के बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वरन को शामिल किया गया है। अभिमन्यु ईश्वरन देहरादून के रहने वाले हैं। और वो राज्य के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में से एक हैं। उन्होंने घरेलू क्रिकेट में काफी रन बनाये हैं। उन्हें कई बार स्टैंडबाय प्लेयर के तौर पर टीम में चुना गया है। वो लंबे समय से अपने डेब्यू का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने 88 प्रथम श्रेणी मैचों में 47.24 की औसत से 6567 रन बनाए हैं। अभिमन्यु भारतीय ए टीम का नियमित हिस्सा रहे हैं। हालाँकि, अभिमन्यु ईश्वरन केवल दूसरे टेस्ट के लिए उपलब्ध होंगे क्योंकि वो दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ चार दिवसीय खेल में भारत ए टीम का नेतृत्व भी करेंगे, जो पहले टेस्ट के साथ होगा।
बंगाल के लिये खेलने वाले उत्तराखंड मूल के क्रिकेटर अभिमन्यु ईश्वरन की सफलता में जितना श्रेय उनके सपने और जुनून को जाता है उतना ही योगदान उनके पिता आरपी ईश्वरन के समर्पण और संघर्ष को भी जाता है। क्योंकि पिता आरपी ईश्वरन ने बेटे के लिये अपनी सारी जमा पूंजी लगाकर न केवल देहरादून में क्रिकेट एकेडमी बनाई बल्कि खुद कोच बनकर बेटे का सपना भी संजोया है।
ऐसे में अब उत्तराखंड में हर कोई अभिमन्यु ईश्वरन के डेब्यू का इंतजार कर रहा है।