Saturday, June 14, 2025
उत्तराखंड

कैबिनेट विस्तार के साथ इस बार दायित्व बंटवारे पर भी लग सकती है मुहर, करीब 3 दर्जन नेताओं को पूरी हो सकती है मुराद

विभिन्न आयोगों, निगमों व प्राधिकरणों में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष के रूप में दिए जाने वाले मंत्री एवं राज्यमंत्री पद के समकक्ष दायित्व की आस लगाए बैठे भाजपा नेताओं की यह मुराद जल्द पूरी होने जा रही है। प्रदेश भाजपा ने अपने ऐसे 35 नेताओं की सूची तैयार की है, जिन्हें इसी नवरात्र में दायित्व दिए जा सकते हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने रविवार को पत्रकारों से बातचीत में इसके संकेत दिए। पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि जिन्हें दायित्व दिया जाना है, वे नाम जल्द ही सामने होंगे। दायित्व वितरण में अब ज्यादा देर नहीं लगने वाली है।
धामी सरकार के दूसरे कार्यकाल में अभी तक दो दर्जन से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं को दायित्व दिए जा चुके हैं। इस बीच पार्टी के बीच से यह मांग उठती आई है कि पार्टी संगठन के लिए निरंतर कार्य करने वाले समर्पित कार्यकर्ताओं को दायित्व दिए जाने चाहिए।
बात उठ रही है कि वर्ष 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में दायित्व वितरण के लिए यह सही समय है। इससे चुनावी तैयारियों को धरातल पर मूर्त रूप देने में तेजी आएगी।
माना जा रहा है कि अब इसी नवरात्र में अगले कुछ दिन के भीतर दायित्व बांटे जा सकते हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का कथन तो इसी तरफ इशारा कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *