अल्मोड़ा जिला अस्पताल के शौचालय से भ्रूण मिलने से मचा हड़कंप, पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्यवाई शुरू की
अल्मोड़ा- जिला अस्पताल में आज सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब अस्पताल के शौचालय से भ्रूण बरामद किया गया। यह भ्रूण रूटीन सफाई के दौरान सफाई कर्मी को मिला। जिसके बाद पुलिस को इस मामले की सूचना दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्यवाई शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक जिला अस्पताल के जनरल ओपीडी के शौचालय से तेज दुर्गन्ध महसूस की जा रही थी। जब सफाई कर्मी ने शौचालय में प्रवेश किया तो वहां भ्रूण दिखाई दिया। भ्रूण करीब पांच महीने का बताया जा रहा है। अस्पताल का यह शौचालय शनिवार 2 बजे तक खुला रहता है और रविवार को पूरे दिन बंद रहता है। ऐसे आशंका जाताई जा रही है कि शनिवार को ही इस भ्रूण को यहां ठिकाने लगाया गया है। जिला अस्पताल से भ्रूण मिलने की खबर से हड़कंप मच गया। अस्पताल प्रशासन इस बात की जानकारी पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शौचालय को सील कर दिया और भ्रूण को अपने कब्जे में ले लिया। जिला अस्पताल के शौचालय से भ्रूण मिलने के बाद कई तरह की आशंकाओं ने जन्म लिया है। भू्रण अल्मोड़ा में अविकसित भ्रूण मिलने का यह पहला मामला नहीं है इससे पहले भी पिछले साल एक कचरे के डिब्बे भू्रण मिला था।