बागपत में लड्डू पर्व के दौरान स्टेज ढहने से मची भगदड़, 7 की मौत, 50 से ज्यादा लोग घायल
यूपी के बागपत में आज सुबह एक बड़ा दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां भगवान आदिनाथ के निर्वाण महोत्सव के दौरान, लड्डू पर्व मनाया जा रहा था और इसी दौरान परिसर में बना लकड़ी का स्टेज अचानक से ढह गया। जिसके बाद कई लोग इस स्टेज के नीचे दब गए। इस हादसे के बाद परिसर में भगदड़ मच गई। जानकारी के मुताबिक इस हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई है.। वहीं, 50 से ज्यादा श्रद्धालु स्टेज के नीचे दबने और भगदड़ के चलते घायल हो गए हैं।
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस ने लोगों को बचाने के लिए रेस्क्यू शुरू किया। बताया जा रहा है कि इस हादसे में 6 से 7 पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। वहीं ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि घायलों की संख्या बढ़ सकती है।
हादसे को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। सीएम योगी ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर राहत कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश हैं। साथ ही उन्होंने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के भी निर्देश दिए हैं।