Wednesday, February 18, 2026
क्राइमराष्ट्रीय

तो क्या देहरादून में रची गई थी सिद्धू मूसेवाला की हत्या की साजिश? हत्या से पहले देहरादून में रह रहा था प्रियव्रत फौजी

पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के आरोप में गुजरात से गिरफ्तार शूटर प्रियव्रत उर्फ फौजी ने कई महीनों तक देहरादून में शरण ली थी। जी हां इस साल मार्च और अप्रैल के महीने में प्रियव्रत फौजी देहरादून में ठहरा था। बताया जा रहा है कि हरियाणा के सोनीपत  में एक हत्या के बाद उसने छिपने के लिए दून को ठिकाना बनाया था। फौजी ने अप्रैल में देहरादून छोड़ दिया और 29 मई को उसने पंजाब के मनसा में पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या कर डाली। पिछले दिनों पंजाब पुलिस एक शूटर की तलाश के सिलसिले में देहरादून पहुंची थी। पता चला था कि सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में शामिल रहा शूटर वारदात को अंजाम देने से पहले देहरादून में रहा था। अब दो शूटरों को दिल्ली पुलिस ने गुजरात से गिरफ्तार किया है। इनमें हरियाणा निवासी प्रियव्रत उर्फ फौजी को मुख्य शूटर बताया जा रहा है। पुलिस के अधिकारिक सूत्रों की माने तो दून में रहने वाला शूटर भी फौजी ही था। उसका नाम पिछले साल सोनीपत में हुई एक हत्या में आया था। उसके साथ चार युवक और भी थे। फौजी कई महीनों तक यहां किराए पर रहा था। बताया जा रहा है कि इस दौरान इन पांचों लोगों ने पहले देहरादून के नेहरू कॉलोनी में कमरा किराये पर लिया था और इसके बाद ये लोग पटेलनगर इलाके में भी कुछ दिन रूके थे। ये पांचों लोग दिनभर मकान में ही रहते थे और कभी कभार ही बाहर निकलते थे। इसके बाद अप्रैल में इन लोगों ने बेहद गुपचुप तरीके से देहरादून को छोड़ दिया और इसके ठीक एक महीने के बाद सिद्धू मूसेवाला की हत्या कर डाली। अब सवाल उठ रहे हैं कि क्या शूटर्स ने सिद्धू मूसेवाला की हत्या की साजिश देहरादून में रची थी। प्रियव्रत उर्फ फौजी देहरादून में रहा जरूर था, लेकिन उसने या उसके साथियों ने दून में रहकर मूसेवाला की हत्या की साजिश रची, इसकी पुष्टी नहीं हो सकी है। पंजाब पुलिस के साथ एसटीएफ ने भी इस मसले में पड़ताल की थी, लेकिन इसका पता नहीं चल पाया। बताया जा रहा है कि जो युवक उसके साथ यहां ठहरे थे वो मूसेवाला की हत्या में शामिल नहीं हैं। पंजाब पुलिस की हिरासत में आने के बाद फौजी इस संबंध में अभी और कई खुलासा कर सकता है। पुलिस फौजी से लगातार पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *