Saturday, April 20, 2024
राष्ट्रीय

श्री महाकाल लोक का लोकार्पण आज, पीएम मोदी शाम 5.30 करेंगे लोकार्पण

शिव का वो अद्भुत, अकल्पनीय और अलौकिक संसार, जिसे दुनिया पहली बार देखेगी…. उज्जैन के महाकाल मंदिर का आंगन है महाकाल लोक… इस आंगन के विस्तार के बाद जो भव्य और सुंदर दृश्य सामने आया है उसे हम महाकाल लोक के नाम से जानेंगे। आज शाम 5 बजकर 30 मिनट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसे देश को समर्पित करेंगे। दिव्यता, भव्यता और आध्यात्मिकता के इस संगम ने 4 साल की मेहनत के बाद आकार लिया है।

अब आपको बताते हैं कि आखिर महाकाल लोक है क्या और क्यों दुनियाभर की नजरें आज उज्जैन पर टिकी हुई हैं-

पूरे महाकाल लोक के फर्स्ट फेज में 15 हजार टन राजस्थानी पत्थर लगाया गया है। महाकाल लोक पहले चरण में काशी विश्वनाथ कॉरिडोर से 4 गुना बड़ा है। दूसरे चरण का काम पूरा होने के बाद यह 9 गुना बड़ा हो जाएगा। पूरे कैंपस को घूमने और दर्शन के लिए 4 से 5 घंटे का वक्त लगेगा।

महाकाल के आंगन को 856 करोड़ रुपए की लागत से 2 फेज में डेवलप किया जा रहा है। इसके पूरा होने के बाद 2.8 हेक्टेयर में फैले महाकाल का पूरा एरिया 47 हेक्टेयर का हो जाएगा। 946 मीटर लंबे कॉरिडोर पर चलते हुए भक्त महाकाल मंदिर के गर्भगृह तक पहुंचेंगे। कॉरिडोर पर चलते हुए उन्हें बाबा महाकाल के अद्भुत रूपों के दर्शन तो होंगे ही, शिव महिमा और शिव-पार्वती विवाह की भी गाथा देखने-सुनने को मिलेगी।

महाकाल लोक के बनने के बाद यह एकमात्र ऐसा मंदिर बन गया है, जहां श्रद्धालु दर्शन के साथ शिव से जुड़ी हर कहानी जान सकते हैं। इसे बनाते समय पर्यावरण का भी विशेष ध्यान रखा गया है। हैदराबाद से विशेष पौधे मंगाए गए। इसके अलावा शमी, बेलपत्र, नीम, पीपल, रुद्राक्ष और वटवृक्ष भी रोपे गए हैं। विकसित एरिया महाकाल वन का हिस्सा है। यही कारण है कि इसे इसी अनुसार डिजाइन किया गया है।

आज शाम जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी श्री महाकाल लोक का लोकार्पण करेंगे तो इसकी गूंज विदेश में भी सुनाई देगी। भाजपा के विदेश संपर्क विभाग ने यूएसए, जर्मनी, आस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, यूके, यूएई, कनाडा, हालैंड, कुवैत सहित 40 देशों  के एनआरआईजी को लोकार्पण कार्यक्रम दिखाने की व्यवस्था की है। इतना ही नहीं, विदेश के मंदिरों में लोकार्पण के अवसर पर उत्सव मनाये जाएंगे और मंदिरों में दीप जलाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *