संजय जोशी की बढ़ाई गई सुरक्षा, दिल्ली में मिलने वालों का लगा तांता
संघ के पूर्णकालिक प्रचाकर संजय जोशी का नाम जब से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की दौड़ में शामिल हुआ है, दिल्ली में उनके घर मिलने वालों की संख्या में बेतहाशा बढ़ोत्तरी हो गई है। अमूमन एकांत में रहने वाले संजय जोशी से मिलने इन दिनों बड़ी संख्या में नेता पहुंचने लगे हैं।
अब खबर है कि संजय जोशी के घर पर सुरक्षा बढ़ाई गई है। दिल्ली पुलिस की ओर से उनके फ्लैट के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
आपको बता दें कि संजय जोशी को लेकर बीते दो हफ्तों से चर्चा है कि उन्हें बीजेपी का अगला अध्यक्ष बनाया जा सकता है, उनका नाम संघ की ओर से आगे आया है।
हालांकि नाम राजस्थान की पूर्व सीएम वसुंधरा राजे का भी अब जोर शोर से सामने आने लगा है। ये भी माना जा रहा है कि अगर मोदी-शाह संजय जोशी के नाम को दरकिनार करते हैं तो संघ ने वसुंधरा राजे का नाम दिया है, ऐसे में अगर वसुंधरा राजे भी अध्यक्ष बनती हैं तो भी संजय जोशी भाजपा के भीतर संगठन महामंत्री की कुर्सी में बिठाए जाएंगे। क्योंकि संजय जोशी और वसुंधरा राजे के संबंध बेहद मधुर बताये जाते हैं।
ऐसे में इन खबरों के बाद बीजेपी के कई नेताओं ने संजय जोशी के आस-पास चक्कर काटने शुरू कर दिये हैं। कई नेता या तो उनसे गुप्त रूप से मुलाकात कर चुके हैं या मुलाकात के लिये कोशिशों में हैं।
यही कारण है कि संजय जोशी के आस-पास अब सुरक्षा पुख्ता की जा रही है।