नहीं रहे आरएसएस के कर्मठ स्वयंसेवक मुकेश शर्मा, लंबी बीमारी के बाद हुआ निधन
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कर्मठ स्वयंसेवक मुकेश शर्मा का निधन हो गया है। बीती देर शाम उन्होंने बाजपुर स्थित अपने आवास में अंतिम सांस ली। उनके निधन से क्षेत्रवासियों और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। आज बाजपुर में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
आपको बता दें कि मुकेश शर्मा उत्तराखंड के पूर्व कैबिनेट मंत्री व गदरपुर से भाजपा विधायक अरविंद पांडे के साथ लंबे समय से सहयोगी के रूप में कार्य कर रहे थे। इससे पहले पूर्व सांसद बलराज पासी के सांसद रहते हुये भी मुकेश शर्मा ने उनके साथ सहायक के तौर पर कार्य किया था।
वो 80 के दशक से महज 12 वर्ष की उम्र से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ गये थे। और उन्होंने लगातार संघ के कामकाज में सक्रिय रहकर जीवन बिताया। श्री राम जन्मभूमि आंदोलन में भी मुकेश शर्मा सक्रिय रहे थे।
विधायक अरविंद पांडे के मंत्री रहते हुये उन्होंने राज्य की आम जनता के तमाम छाटी-बड़ी परेशानियों को ब्रिज बनकर न केवल मंत्री अरविंद पांडे तक पहुंचाने का कार्य किया बल्कि स्वयं भी आगे बढ़कर जरूरतमंद लोगों की हमेशा मदद की।
विधायक अरविंद पांडे ने उनके निधन पर गहरा शोक प्रकट करते हुये कहा कि मुकेश जी का जाना उनके लिये व्यक्तिगत तौर पर अपूरणीय क्षति है, क्योंकि वो उनके लिये महज सहायक नहीं बल्कि उनके मित्र और परिवार का हिस्सा थे। विधायक अरविंद पांडे ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट कर ईश्वर से उन्हें इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने व दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की है।
पूर्व सांसद बलराजी पासी ने पुराने दिनों को याद कर कहा कि मुकेश जी महज 10 या 12 साल के थे जब वो आरएसएस की शाखाओं से जुड़ गये थे, वो उनके सांसद रहते सहायक भी रहे, मगर हमेशा एक मित्र की तरह खड़े रहे। संघ के कामकाज को आगे बढ़ाने में भी उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी।
वहीं विधायक अरविंद पांडे के सुपुत्र अतुल पांडे ने मुकेश शर्मा के निधन पर गहरा शोक प्रकट करते हुये कहा कि उनका जाना हमारे परिवार के एक सदस्य का चले जाने जैसा है, क्योंकि वो हमेशा घर में एक परिवार के सदस्य के तौर पर उपस्थित रहा करते थे, बेहद जिंदादिल इंसान का यूं चले जाना हर किसी को शोक में डुबो गया है।