Friday, April 19, 2024
उत्तराखंड

गणतंत्र दिवस परेड 2023, इस बार उत्तराखंड की ये झांकी होगी शामिल

गणतंत्र दिवस परेड-2023 के लिए उत्तराखंड की झांकी का अंतिम चयन हो गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर मानसखंड पर आधारित झांकी प्रस्तावित की गई थी। जिसे भारत सरकार ने स्वीकृति दे दी है। झांकी के शुरूआती और बीच के भाग में कार्बेट नेशनल पार्क में विचरण करते हुए हिरन, बारहसिंघा, घुरल, मोर और राज्य में पाए जाने वाले विभिन्न प्रजाति के पक्षियों को प्रदर्शित किया जाएगा।

झांकी के पिछले भाग में प्रसिद्ध जागेश्वर मंदिर समूह और देवदार के वृक्षों को दिखाया जाएगा। साथ ही उत्तराखंड की प्रसिद्ध लोक कला ऐपण का भी झांकी के माडल में समावेश किया गया है। झांकी के साथ उत्तराखंड की लोक संस्कृति को प्रदर्शित करने के लिए छोलिया नृत्य का दल सम्मिलित होगा। झांकी का थीम सांग उत्तराखंड की लोक संस्कृति पर आधारित होगा। आपको बता दें कि कुमाऊं के पौराणिक मंदिरों के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर मानसखंड मंदिर माला मिशन योजना पर काम किया जा रहा है। गणतंत्र दिवस पर कर्तव्य पथ पर मानसखंड पर आधारित झांकी का प्रदर्शन होगा। गणतंत्र दिवस की झांकी के लिए 27 राज्यों ने अपने प्रस्ताव भारत सरकार को भेजे थे, जिनमें से 16 राज्यों का ही अंतिम चयन हुआ है। उत्तराखंड की ओर से अभी तक 13 बार झांकियों का प्रदर्शन गणतंत्र दिवस पर किया गया है। झांकी का निर्माण आज नई दिल्ली राष्ट्रीय रंगशाला में शिविर में शुरू हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *