राहुल और प्रियंका गांधी ने किया वाराणसी के रविदास मंदिर का दौरा
उत्तरप्रदेश – कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी संत रविदास की जयंती पर उनकी जन्म स्थली में शीश नवाने रविदास मंदिर पहुंचे। दोनों ने संत रविदास मंदिर में दर्शन भी किया। दर्शन के बाद राहुल गांधी ने यहां श्रद्धालुओं को लंगर भी कराया। प्रियंका गांधी आज अपने उत्तर प्रदेश दौरे के दौरान राज्य में चुनाव प्रचार भी करेंगी। वह कानपुर कैंट और किदवई नगर में घर-घर जाकर प्रचार करेंगी। इसके बाद सीसामऊ और आर्य नगर में घर-घर जाकर अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद वह कानपुर के गोविंदनगर में महिला शक्ति गर्जन में भाग लेंगी। बता दें कि संत रविदास जयंती पर आज वाराणसी में कांग्रेस नेताओं का जमघट लग गया है। पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने वाराणसी के गोवर्धनपुर में बने संत रविदास के मंदिर में माथा टेका। इसके बाद चन्नी ने कहा, आज गुरु रविदासजी का जन्मदिन है। मैं गुरु का आशीर्वाद लेने आया हूं।