फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर महिला और उसके परिजनों को परेशान करने के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार
दिल्ली- पुलिस ने एक व्यक्ति को महिला के नाम से फर्जी सोशल मीडिया बनाने और उसके परिजनों को अपमानजनक संदेश भेजने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया है कि महिला ने आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज की थी। शिकायत के दौरान महिला ने आरोप लगाया था की उसके नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाई गयी है और उसके रिश्तेदारों को अभद्र और अपमानजनक मैसेज भेजकर उन्हें परेशान किया जा रहा है। साथ ही सोशल मीडिया पर गलत कमेंट भी किये जा रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता के तहत आईपीसी की धारा 354 डी यानी महिला के प्रति अश्लील इशारों, अश्लील टिप्पणियों, पीछा करने पर सज़ा, इसके साथ ही आईपीसी की धारा 509 यानी कि कोई भी स्त्री की लज्जा का अनादर करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया गया है। इसके बाद फर्जी फेसबुक प्रोफाइल का आईपी एड्रेस भी पुलिस को मिल गए, जो आरोपी के वास्तविक आईपी एड्रेस से मेल खाते थे। जिसके बाद पुलिस के एक दल ने उसके घर पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी का नाम सौरभ ठाकुर बताया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह महिला के साथ करीब 10 साल से ज्यादा समय से रिलेशनशिप में था। वह एक विज्ञान कम्पनी में भी काम करता था। लेकिन कई समय से महिला उसे नजरअंदाज कर रही थी जिसके बाद आरोपी ने महिला पर नजर रखने के लिए महिला की कार में ‘जीपीएस ट्रैकर’ भी लगा दिया था। आरोपी ने उसके बाद फेसबुक और इंस्टाग्राम पर महिला के नाम से फर्जी खाते बनाए और उसके ही रिश्तेदारों तथा दोस्तों को अपमानजनक संदेश भेजने लगा। आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन, एक एप्पल मैकबुक और एक वाई-फाई राउटर बरामद किया है।