उत्तराखण्ड के औली में शाही शादी के दौरान कूड़ा फैलाने वाले सहारनपुर के कुख्यात गुप्ता बंधुओं को यूएई में गिरफ्तार कर लिया गया है। दक्षिण अफ्रीका में अरबों रैंड की लूट मचाने के बाद गुप्ता बंधू वहां से फरार हो गये थे। संयुक्त अरब अमीरात में कानून प्रवर्तन अधिकारियों ने गुप्ता परिवार के राजेश गुप्ता और अतुल गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि इनके तीसरे भाई अजय को फिलहाल गिरफ्तार नहीं किया गया है।
गुप्ता ब्रदर्स पर दक्षिण अफ्रीका में पूर्व राष्ट्रपति जैकब जुमा के साथ अपने संबंधों का इस्तेमाल आर्थिक लाभ के लिए करने और वरिष्ठ नियुक्तियों को प्रभावित करने का आरोप है। 2018 में दक्षिण अफ्रीका में पैरास्टेटल संस्थानों से अरबों रैंड लूटने के बाद, गुप्ता परिवार दुबई चले गया था। जिसके बाद उनके खिलाफ रेड नोटिस जारी किया गया था। यूएई और दक्षिण अफ्रीका की कानून प्रवर्तन एजेंसियों के बीच अब गुप्ता बंधुओं के प्रत्यर्पण को लेकर चर्चा चल रही है। आपको बता दें कि जून 2019 में उत्तराखण्ड के औली में गुप्ता बंधुओं के बेटों की शादी हुई थी। गुप्ता बंधुओं के बेटों की शादी में औली को गंदगी से इतना पाट दिया गया था कि जोशीमठ पालिका को इसे साफ करने में 8 दिन लगे थे। शादी समारोह में तत्कालीन मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत समेत योग गुरु बाबा रामदेव, स्वामी चिदानंद, आचार्य बालकृष्ण, सांसद अजय भट्ट भी पहुंचे थे। इसके आलावा कैटरीना कैफ, सिद्धार्थ मल्होत्रा, उर्वशी रौतेला, अभिजीत सावंत, जावेद अली, सुरभि ज्योति, दीप्ति समेत कई छोटे पर्दों के कलाकारों ने शिरकत की थी। मूल रूप से भारत के सहारनपुर के रहने वाला गुप्ता परिवार 1990 के दशक की शुरुआत में दक्षिण अफ्रीका गया था। यहां उन्होंने जूते की दुकान खोली थी। इसके बाद गुप्ता ब्रदर्स ने ऐसा काला साम्राज्य खड़ा किया कि उन्होंने देश के राष्ट्रपति तक को अपनी सांठ गांठ में शामिल कर लिया।