Wednesday, April 15, 2026
उत्तराखंड

उत्तराखंड के विधायकों को मंत्री बनाने वाला मास्टरमाइंड गिरफ्तार, मणिपुर, ओडिशा और कर्नाटक के विधायकों को भी कॉल कर दे चुका है झांसा

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बेटे जय शाह के नाम से रुद्रपुर, नैनीताल और हरिद्वार के रानीपुर विधायक को मंत्री बनाने का झांसा देने और करोड़ों रुपये मांगने वाले मास्टरमाइंड को पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। आरोपी ने उत्तराखंड के अलावा मणिपुर, ओडिशा और कर्नाटक के विधायकों को कॉल करने की बात स्वीकारी है।
आपको बता दें कि रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा के नंबर पर बीती 13 फरवरी को एक युवक ने कॉल कर खुद को गृह मंत्री अमित शाह का बेटा जय शाह बताकर मंत्री बनाने के लिए तीन करोड़ रुपये मांगे। इसी तरह नैनीताल विधायक सरिता आर्या और भेल रानीपुर विधायक आदेश चौहान को भी फोन किया। तीनों थानों क्षेत्रों की पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी थी।
18 फरवरी को पुलिस ने मामले में उवैश अहमद को रुद्रपुर से गिरफ्तार किया, वहीं उवैश के साथी प्रियांशु पंत को हरिद्वार पुलिस ने पकड़ लिया। दोनों को जेल भेज दिया गया था, लेकिन मुख्य आरोपी गौरव नाथ निवासी सपेरा बस्ती थाना गाजीपुर नई दिल्ली पुलिस के हाथ नहीं लग सका था। 18 फरवरी से ही एक टीम दिल्ली में उसकी तलाश में जुटी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *