पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी कल से दार्जिलिंग के दौरे पर हैं। और इस दौरे में दीदी छाई हुई हैं। वो कभी सड़क किनारे गोलगप्पे बनाती नजर आ रही हैं तो कभी बच्चों को स्ट्रीट फूड परोस रही हैं। आज दीदी का ऐसा ही एक वीडियो और सामने आया है। जिसमें दीदी मोमो बनाती दिखाई दे रही हैं। आज सुबह सुबह ममता दीदी मार्निंग वॉक के लिये सड़क पर टहलने निकल पड़ी और इस दौरान वो एक स्थानीय महिला की मोमो की दुकान पर पहुंच गई। फिर क्या दीदी अपने अंदाज में दुकान की रसोई में घुस गई और खुद मोमो बनाने लगी। दीदी को अपनी दुकान में मोमो बनाते देख महिला उद्यमी हैरान रह गई। बीते दिन इसी तरह सीएम ममता बनर्जी ने दार्जिलिंग की सड़क पर एक गोलगप्पे के ठेले पर पहुंच गई थीं। और उन्होंने गोलगप्पे बनाकर राहगीरों को परोसने शुरू कर दिये। प्रोटोकाल की परवाह किये बिना दीदी के इस अंदाज को देख सभी हैरान रह गये। ममता बनर्जी को आमतौर पर लोग एक जुझारू, संघर्षशील महिला नेता के तौर पर पहचानते हैं। लेकिन उनके जीवन से जुड़ी कुछ बातें बेहद रोचक हैं और कुछ बातें ऐसी हैं जो हर किसी को चौंका भी देती हैं। वो एक राजनेता के साथ एक पेंटर, लेखिका, कवियत्री, प्रकृति पसंद महिला भी हैं। दीदी लागलपेट में विश्वास नहीं रखतीं, जैसा बेधड़क उनका व्यक्तित्व है वो राजनीति भी वैसी ही करती हैं। बहरहाल दीदी का ये नया अंदाज सोशल मीडिया पर छाया हुआ है।