नासिक में बड़ा सड़क हादसा, 10 की मौत, 15 गंभीर रूप से घायल
महाराष्ट्र में आज सुबह हुये भीषण सड़क हादसे ने सब को दहला दिया। जहां मुंबई से शिर्डी आ रही टूरिस्ट बस की नासिक-शिर्डी हाईवे पर आमने-सामने की टक्कर हो गई। बस में कुल 45 यात्री सवार थे। इस दर्दनाक हादसे में 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में 7 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल हैं। घायलों को नजदीकी साईंबाबा अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जहां कुछ की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। बस में मुंबई के अंबरनाथ के यात्री सवार थे, जो शिर्डी दर्शन को आ रहे थे। हादसा पाथेर गांव के पास हुआ जो सिन्नर-शिरडी हाईवे पर पड़ता है। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस और ट्रक दोनों ही बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए।
वहीं, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने नासिक-शिर्डी हाईवे पर हुए बस हादसे में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। सीएम ने संबंधित अधिकारियों को घटना की जांच के आदेश दिए हैं।