Thursday, April 25, 2024
अंतरराष्ट्रीय

ब्रिटेन की नई प्रधानमंत्री बनी लिज ट्रस, भारतीय मूल के प्रबल दावेदार ऋषि सुनक हारे

ब्रिटेन की सत्तासीन कंजर्वेटिव पार्टी ने दो महीने की लंबी प्रक्रिया के बाद आज संसद के निचले सदन- हाउस ऑफ कॉमन्स में अपना नेता और देश का अगला प्रधानमंत्री चुन लिया है। और ये चेहरा हैं 47 साल की लिज ट्रस। पीएम पद की रेस में आखिर तक सिर्फ दो ही चेहरे बचे थे, जिसमें पूर्व वित्त मंत्री और भारतीय मूल के ऋषि सुनक और मौजूदा विदेश मंत्री लिज ट्रस के नाम शामिल थे। आज कंजर्वेटिव पार्टी की चुनावी कमेटी ने एलान कर दिया कि कंजर्वेटिव पार्टी के कार्यकर्ताओं ने लिज ट्रस को अपनी पहली पंसद बताया है। ब्रिटेन में अब तक हुए सर्वे में सामने आया कि लिज ट्रस कंजर्वेटिव पार्टी के कार्यकर्ताओं की पहली पसंद हैं। उन्हें ऋषि सुनक के खिलाफ अच्छी-खासी बढ़त मिली। इसी के साथ लिज ट्रस छह साल में ब्रिटेन की चौथी प्रधानमंत्री बन गई हैं। इससे पहले डेविड कैमरन, थेरेसा मे, बोरिस जॉनसन 2016 से लेकर 2022 तक अलग-अलग अंतराल में पीएम पद पर रहे हैं।
अब आपको बताते हैं आखिर कौन है ब्रिटेन की नई प्रधानमंत्री-
ब्रिटेन की नई प्रधानमंत्री लिज ट्रस की जिंदगी काफी रोचक रही है। ट्रस अब तक वक्त ब्रिटेन की विदेश मंत्री रही हैं। सरकारी स्कूल में पढ़ीं 47 साल की ट्रस के पिता गणित के प्रोफेसर और मां एक नर्स थीं। लेबर पार्टी समर्थक परिवार से आने वालीं ट्रस ने ऑक्सफोर्ड से दर्शन, राजनीति और अर्थशास्त्र की पढ़ाई की है। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने कुछ समय के लिए अकाउंटेंट के रूप में भी काम किया। इसके बाद वह राजनीति में आ गईं। सबसे पहला चुनाव उन्होंने पार्षद का जीता था। परिवार लेबर पार्टी का समर्थक था, लेकिन ट्रस को कंजरवेटिव पार्टी की विचारधारा पसंद आई। ट्रस को राइट विंग का पक्का समर्थक माना जाता है। 2010 में ट्रस पहली बार सांसद चुनी गईं। ट्रस शुरुआत में यूरोपियन यूनियन से अलग होने के मुद्दे के खिलाफ थीं। हालांकि, बाद में ब्रेग्जिट के हीरो बनकर उभरे बोरिस जॉनसन के समर्थन में आ गईं। ब्रिटिश मीडिया अक्सर पूर्व प्रधानमंत्री मार्गरेट थ्रेचर से उनकी तुलना करता है।
इधर ऋषि सुनक की हार पर करोड़ों भारतीयों का दिल बैठ गया। भारतीय मूल के ऋषि सुनक प्रधानमंत्री के दौड़ में लगातार आगे बने हुये थे। भारत के लोगों को पूरा भरोसा था कि ऋषि सुनक ब्रिटेन के प्रधानमंत्री जरूर बनेंगे लेकिन आखिरी वक्त में बाजी लिज ट्रस ने मारी ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *