सोशल मीडिया… एक ऐसा रास्ता जो लोगों को रातों रात फर्श से अर्श तक का सफर तय करा देता है…. वो रास्ता जो लोगों को गुमनामी ने उठाकर उनकी झोली में दौलत और शोहरत दोनों भर देता है। अब रानू मंडल को देखिये, कच्चा बादाम वाले भुवन को ले लीजिए, बचपन का प्यार वाले सहदेव, रनिंग बॉय प्रदीप से लेकर बाबा के ढाबे में हुई धन वर्षा ये सब सोशल मीडिया का ही कमाल है। और इन दिनों सोशल मीडिया की इसी ताकत को भुनाने में जुटा है हैदराबाद का एक नन्हा लड़का अदनान। अदनान इन दिनों सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। अदनान के पिता हैदराबाद में सड़क के किनारे हलीम का ठेला लगाते हैं। लेकिन धंधा बेहद मंदा चल रहा था। इसके बाद अदनान ने अपने पिता की हलीम पर वीडियो बानने शुरू कर दिये। उसने पापा की हलीम नाम से इंस्टाग्राम पर एक पेज भी बनाया है। और दुकान का नाम भी पापा की हलीम रख दिया है। वीडियो में वो अपने पिता के बिजनेस के लिए समर्थन मांगता दिख रहा है। वीडियो में बच्चा बोलता देखता है, ये हमारे पापा बैठे हुए हैं। पापा की चिकन हलीम यहां है। लड़का लोगों को अपने पापा का पूरा स्टॉल दिखाता है। एक तरह से वो लोगों से विनती करता दिख रहा है कि हैदराबाद के लोग ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचें।
वीडियो वायरल होने के बाद से फूड ब्लॉगर्स और बाकी लोग भी उनकी मदद के लिए सामने आ रहे हैं। इस वीडियो के बाद लोग बड़ी संख्या में पापा की हलीम स्टॉल पर पहुंच रहे हैं। ये सोशल मीडिया की ही ताकत है कि एक बार फिर से इंटरनेट के जरिए एक परिवार का बिजनेस रफ्तार पकड़ चुका है।