भारतीय दूतावास ने फिर की भारतीयों से अपील, कहा- तुरंत छोड़ें यूक्रेन
रूस यूक्रेन के बीच युद्ध की आशंका के बीच भारतीय दूतावास ने यूक्रेन में रहने वाले भारतीयों से फिर से अपील की है कि भारतीय नागरिक और छात्र तत्काल यूक्रेन छोड़ दें। यूक्रेन की राजधानी कीव में स्थित भारतीय दूतावास ने नई एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया है कि भारतीय छात्र विश्वविद्यालयों द्वारा ऑनलाइन कक्षाओं की आधिकारिक पुष्टि के बजाय वापस भारत लौट आएं। भारतीय दूतावास ने बताया है कि उनके पास बड़ी संख्या में फोन आ रहे हैं. जिसमें छात्र मेडिकल विश्वविद्यालयों द्वारा ऑनलाइन कक्षाओं की पुष्टि के बारे में पूछ रहे हैं। दूतावास ने कहा है कि छात्र व नागरिक अपनी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अस्थाई रूप से वापस भारत लौट आएं। शिक्षा प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करने के लिए भारतीय दूतावास सम्बंधित अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है।
वहीं युद्ध की आशंका के बीच भारत ने निकासी अभियान भी शुरू कर दिया है। जिसके तहत आज पहला एयर इंडिया का विमान यूक्रेन के लिए रवाना हो चूका है। जो करीब 256 छात्रों को वापस लेकर लौटेगा। ये विमान रात 10: 15 बजे तक वापस भारत आ सकता है। बता दें कि भारत सरकार फरवरी में 2 और उड़ानों का संचालन करेगी। जिसमे दूसरी फ्लाइट 24 फरवरी और तीसरी 26 फरवरी को यूक्रेन के लिए उड़ान भरेगी।