हिंडनबर्ग हुई बंद, अदाणी समूह के शेयर आसमान पर
ठीक दो साल पहले जिस हिंडनबर्ग की एक रिपोर्ट ने अदाणी ग्रुप को खुलासे की रिपोर्ट से 100 अरब डॉलर से भी ज्यादा का नुकसान पहुंचाया था वो हिंडनबर्ग रिसर्च बंद हो गई है। हिंडनबर्ग रिसर्च के फाउंडर नाथन एंडरसन ने इसे बंद करने का ऐलान कर दिया है।
जैसे ही ये खबर सामने आयी वैसे ही शेयर बाजार के खुलते ही अदाणी ग्रुप के शेयरों में जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है। इस बढ़त के पीछे का कारण हिंडनबर्ग के बंद होने को ही बताया जा रहा है।
ये वही कंपनी है जिसके कारण गौतम अदाणी को भारी नुकसान झेलना पड़ा था और इस नुकसान से उबरने में कंपनी को काफी समय लग गया था। हिंडनबर्ग ने 24 जनवरी 2023 को अदाणी ग्रुप के खिलाफ एक रिपोर्ट पेश की थी, जिसमें अदाणी ग्रुप पर ऑफ शोर टैक्स हेवन का गलत तरीके से इस्तेमाल करके मुनाफा कमाने का आरोप लगाया गया था। हालांकि गौतम अदाणी ने इन सभी आरोपों को गलत बताते हुए सिरे से खारिज किया था।
एंडरसन ने कंपनी को बंद करने के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं किया है, इतना जरूर कहा है कि जिन विचारों पर काम किया, उनके पूरे होते ही इसे बंद करना था।
लेकिन ये फैसला ऐसे समय में लिया गया है जब आगामी 20 जनवरी को अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप की राष्ट्रपति के तौर पर वापसी होने जा रही है।