देहरादून सहित पांच जिलों में आज आफत की बारिश, रेड अलर्ट जारी
उत्तराखंड के कुछ जिलों में आज भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के अत्यंत तीव्र दौर होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने पर्वतीय इलाकों में भूस्खलन और निचले क्षेत्रों में बाढ़ जैसी स्थिति को लेकर चेतावनी जारी की है। उत्तराखंड में बारिश का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मानसून की बारिश, आसमानी आफत बन गई है।
रविवार को भी प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में दिनभर बारिश होती रही। वहीं मौसम विभाग में अब भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। रविवार को देहरादून सहित आसपास के क्षेत्रों में दोपहर के बाद बारिश का दौर शुरू हो गया, जो देर शाम तक जारी रहा।
देहरादून में लगातार बारिश के कारण शहर की सड़कें जलमग्न हो गईं। मुख्य सड़कों के साथ ही गलियों में भी जल भराव हो गया। जिससे लोगों को मुश्किलें उठानी पड़ीं। बारिश के कारण जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है तो वहीं नदी नाले उफान पर आने से आसपास के क्षेत्रों में भी खतरा बढ़ गया है।
लगातार हो रही बारिश के कारण सड़कें तालाब बन रही हैं। कई क्षेत्रों में लोगों के घरों में पानी घुस गया। जल भराव के कारण सड़कों से गुजरना भी मुश्किल हो गया था। सड़कों पर बने गड्ढे बारिश के कारण और खतरनाक हो गए हैं।
