कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने ली कांग्रेस को मिली हार की जिम्मेदारी, पद छोड़ने को भी हैं तैयार
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के परिणामों के सामने आने के बाद कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। उत्तराखंड में कांग्रेस की झोली में 19 सीटें आई। जिसके बाद आज शनिवार को पत्रकारवार्ता कर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने विधानसभा चुनाव में मिली हार की जिम्मेदारी ली। उन्होंने कहा कि पार्टी मंथन करेगी और हार की समीक्षा भी करेगी। शनिवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने राजधानी में पत्रकारवार्ता में कहा कि अगर हाईकमान कहेगा तो वह अपना पद छोड़ने को भी तैयार हैं। गणेश गोदियाल खुद भी पौड़ी की श्रीनगर सीट से बेहद कम मुकाबले में चुनाव हारे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त करता हूं। परिणाम हमारे पक्ष में नहीं आए, लेकिन हम मंथन करेंगे। सभी कार्यकर्ताओं ने पूरी मेहनत की है। उन्होंने कहा कि हम जनता के हितों के लिए हमेशा लड़ते रहेंगे।