Thursday, June 19, 2025
उत्तराखंड

सीडलिंग स्कूल प्रबंध समिति में फर्जीवाड़ा, दो महिलाओं में मुकदमा दर्ज

देहरादून- राजपुर के सीडलिंग स्कूल की प्रबंध समिति में फर्जीवाड़ा कर संपत्ति हड़पने के आरोप में स्कूल समिति की दो महिलाओं पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
आरोप है कि समिति की अध्यक्ष की मृत्यु के बाद फर्जी हस्ताक्षर के माध्यम उनके स्थान पर एक महिला को बिना चुनाव के अध्यक्ष बना दिया गया। मूल समिति के सदस्यों और पदाधिकारियों के दिशा-निर्देश नहीं माने जा रहे। इससे कामकाज ठप होने के साथ ही स्कूल का संचालन भी खतरे में पड़ गया है।
राजपुर एसओ शैंकी कुमार के मुताबिक धोखधड़ी की शिकायत चुक्खुवाला की रहने वाली समिति की अध्यक्ष मृदुला शर्मा ने जिलाधिकारी से की थी। बताया था कि साल 2022 में समिति के चुनाव हुये थे, जिसके बाद चुक्खुवाला की रहने वाली मधु शर्मा को अध्यक्ष, मृदुला शर्मा को उपाध्यक्ष, मीनाक्षी भट्ट को सचिव चुना गया। सदस्य पद पर भी कई लोगों को जिम्मेदारी दी गई। इसके बाद मधु शर्मा की अकस्मात मृत्यु हो गई। संविधान के अनुसार मृदुला शर्मा को अध्यक्ष बनाया गया। लेकिन आरोप है कि मीनाक्षी भट्ट ने निजी लाभ के लिये अपनी बहन प्रियंका भट्ट को अध्यक्ष बना दिया। इसके लिये न तो चुनाव हुई और न ही किसी सदस्य की सहमति ली गई। दस्तावेज पर फर्जी हस्ताक्षर कर दिये गये।
समिति में ऐसे लोगों को सदस्य बनाया गया जिनका स्कूल से कोई ताल्लुक ही नहीं था। इससे समिति को आर्थिक नुकसान भी हुआ।
अगस्त 2024 में मूल समिति की आम सभा बुलाई गई। इसमें मीनाक्षी भट्ट की सदस्यता को समाप्त कर दिया गया। समिति ने उन्हें आदेशित किया कि वो सारे दस्तावेज जल्द से जल्द मूल समिति को सौंप दें। मगर, भट्ट ने इन आदेशों का पालन नहीं किया। आरोप ये भी है कि इसके बाद मीनाक्षी भट्ट और उनके सहयोगियों ने समिति के सदस्यों और पदाधिकारियों को धमकाना शुरू कर दिया।
इस मामले में पुलिस ने मीनाक्षी भट्ट और प्रियंका भट्ट के खिलाफ जालसाजी व धोखाधड़ी के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *