बिनसर अग्निकांड में झुलसे फायर वॉचर कृष्ण कुमार की मौत
उत्तराखंड के अल्मोड़ा में सात दिन पूर्व बिनसर अभयारण्य में लगी आग की चपेट में आने से झुलसे 21 वर्षीय फायर वॉचर युवक कृष्ण कुमार की उपचार के दौरान दिल्ली एम्स में मौत हो गई। अस्पताल में भर्ती कृष्ण कुमार के अंगों ने काम करना बंद कर दिया था, जिसके बाद उनकी मौत हो गई।
इसके साथ ही इस घटना में मरने वालों की संख्या पांच और जंगल में आग से जलने से जिले में मौतों की संख्या 10 हो गई है।
आपको बता दें कि बीते बृहस्पतिवार को बिनसर अभयारण्य में भीषण आग लग गई थी। आग बुझाने गए वन बीट अधिकारी त्रिलोक सिंह मेहता, वन श्रमिक दीवान राम, फायर वॉचर करन आर्या और पीआरडी जवान पूरन सिंह की जिंदा जलने से मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं फायर वॉचर कृष्ण कुमार, पीआरडी जवान कुंदन सिंह, वाहन चालक भवगत सिंह और वन श्रमिक कैलाश भट्ट बुरी तरह से झुलस गए थे। उन्हें उपचार के लिए दिल्ली एम्स ले जाया गया था। सातवें दिन फायर वॉचर कृष्ण कुमार जीवन की जंग हार गये और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।