रूद्रप्रयाग में आदमखोर गुलदार की दहशत जारी, घास काटने गई एक और महिला का बनाया निवाला
उत्तराखंड के रूद्रप्रयाग जिले में आदमखोर गुलदार की दहशत कायम है। बीते 2 महीनों से यहां के कई गांवों में गुलदार ने लोगों को अपना निशाना बनाया है। जिसमें अब तक 3 महिलाओं की मौत हो चुकी है। बीते दिन एक बार फिर गुलदार ने विकासखंड जखोली की ग्राम पंचायत देवल में एक महिला को निवाला बनाया है। महिला घास लेने खेतों पर गई थी इस दौरान गुलदार ने महिला पर हमला किया और उसे बुरी तरह लहूलुहान कर दिया। महिला बुरी तरह से घायल हो गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों के शोर मचाने पर गुलदार मौके से भाग गया मगर महिला को नहीं बचाया जा सका।
गुलदार के आतंक से लोगों का यहां घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। अब तक इलाकें की 3 महिलाएं अपनी जान गवां चुकी हैं। गुलदार की दहशत के बाद जखोली ब्लॉक में संचालित ललूड़ी, खरियाल, टैण्डवाल, जाखड़ी, मखेत जैसे विद्यालयों को 27 फरवरी तक बंद रखने के आदेश दिए गए हैं।