कभी आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल के खास रहे जानेमाने कवि कुमार विश्वास खालिस्तान वाले बयान पर घिरते नजर आ रहे हैं। आज अचानक पंजाब पुलिस कुमार के घर पहुंच गई। कुमार विश्वास ने खुद तस्वीरें शेयर कर जानकारी दी है। अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि उनके खिलाफ किस मामले में केस दर्ज किया गया है। लेकिन कुमार विश्वास ने पंजाब के सीएम भगवंत मान को आगाह किया है। समझा जा रहा है कि अरविंद केजरीवाल के खिलाफ दिए बयानों के मामले में पंजाब पुलिस ने कुमार विश्वास का दरवाजा खटखटाया है। खासकर खालिस्तान से जुड़ा वो बयान जिसके बाद राजनीतिक हलकों में आग लग गई थी।
कुमार विश्वास ने लिखा, सुबह-सुबह पंजाब पुलिस द्वार पर पधारी है। एक समय, मेरे द्वारा ही पार्टी में शामिल कराए गए भगवंत मान को आगाह कर रहा हूं कि तुम, दिल्ली में बैठे जिस आदमी को, पंजाब के लोगों की दी हुई ताकत से खेलने दे रहे हो वो एक दिन तुम्हें और पंजाब को भी धोखा देगा। देश मेरी चेतावनी याद रखे।
आपको बता दें कि पंजाब चुनाव के समय कुमार विश्वास के बयान पर खलबली मच गई थी। कुमार ने आरोप लगाया था कि अरविंद केजरीवाल ने उनसे कहा था कि एक दिन वह पंजाब के मुख्यमंत्री बनेंगे या एक स्वतंत्र राष्ट्र (खालिस्तान) के पहले प्रधानमंत्री बनेंगे। चुनाव आयोग ने कुमार विश्वास के वीडियो बयान पर रोक लगा दी थी। कुछ समय बाद खतरे को देखते हुए कुमार विश्वास को केंद्र सरकार ने वाई श्रेणी कैटेगरी की सुरक्षा दे दी थी। अब बताया जा रहा है कि इस मामले में पंजाब पुलिस ने कुमार विश्वास के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आज पंजाब पुलिस विश्वास को नोटिस थमाने पहुंची थी।