Friday, May 23, 2025
उत्तराखंड

2 मई को खुलेंगे बाबा केदारनाथ के कपाट, तैयारियों में जुटा प्रशासन

केदारनाथ धाम के कपाट 2 मई को खोले जाएंगे। जिसे लेकर शासन-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बीच मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने शनिवार को केदारनाथ धाम पहुंचकर आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियों और व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने पुनर्निर्माण कार्यों, यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। शनिवार को केदारनाथ धाम निरीक्षण के लिए पहुंचे मुख्य सचिव ने मंदाकिनी और सरस्वती नदियों पर बने बेली ब्रिज का अवलोकन किया। पुलों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, जिससे यात्रियों के आवागमन में सुविधा बढ़ेगी। साथ ही आस्था पथ पर बनाए गए रेन शेल्टरों का निरीक्षण कर वहां एलईडी साइनेज लगाने के निर्देश दिए, जिससे यात्रियों को शौचालय, चिकित्सा सहायता और अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी मिल सके। मुख्य सचिव ने कहा कि कतार में खड़े यात्रियों को ठंड से राहत देने के लिए गर्म पानी की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। मंदिर परिसर से लेकर आस्था पथ तक स्वच्छता की स्थिति का जायजा लेते हुए उन्होंने शौचालयों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने गढ़वाल मंडल विकास निगम को निर्देश दिए कि सभी कॉटेजों की मरम्मत और सफाई कार्य समय से पूर्ण किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *