गंगनहर किनारे घाट बनाने के लिए यूपी-उत्तराखंड में विवाद, परिसंपत्तियों के बंटवारे की स्थिति साफ नहीं
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच परिसंपत्तियों के बंटवारे की अस्पष्ट स्थिति विवाद उत्पन्न कर रही है। हालत यह है कि एक तरफ उत्तराखंड शासन ने अर्द्ध कुंभ 2027 की तैयारियों के लिए कई निर्माण कार्य प्रस्तावित किए हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग इस बार भी आपत्ति लगाकर बैठा है।
दोनों राज्यों के सिंचाई विभाग के अधिकारी मुद्दे को लेकर अपनी ढपली अपना राग अलाप रहे हैं। आपत्ति मिलने के बाद अब उत्तराखंड सिंचाई विभाग की हरिद्वार शाखा के अधिशासी अभियंता ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर पुलिस बल की मांग की है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित को लिखे पत्र में अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड हरिद्वार ओमजी गुप्ता ने प्रस्तावित कार्यों के निर्माण कार्य के दौरान उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग की ओर से व्यवधान उत्पन्न करने की आशंका व्यक्त की है। उन्होंने पत्र में निर्माण कार्य पूर्ण करने के लिए विभिन्न घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल मांगा है।
