Saturday, December 6, 2025
उत्तराखंड

4365 अतिक्रमणकारियों के भविष्य का दिन, सुप्रीम कोर्ट आज सुनाएगा हल्द्वानी रेलवे जमीन मामले में फैसला

हल्द्वानी रेलवे की भूमि पर हुए अतिक्रमण के मामले में सुप्रीम कोर्ट में आज (मंगलवार) को होने वाली सुनवाई के मद्देनजर पुलिस-प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। इस बीच, हजारों परिवार फैसले की चौखट पर खड़े हैं। रेलवे की ओर से कहा गया है कि हल्द्वानी में उनकी 29 एकड़ भूमि पर अतिक्रमण किया गया है जिनमें करीब 4365 अतिक्रमणकारी काबिज हैं।
हल्द्वानी में अलर्ट के साथ ही बनभूलपुरा को हाईअलर्ट मोड पर रखा गया है। मंगलवार को यहां बाहरी व्यक्तियों और बाहर के वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। शहर का यातायात भी डायवर्ट रहेगा। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती के साथ आईटीबीपी और सीआरपीएफ को भी तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। विभिन्न अदालतों में मुकदमा चलने के बाद मामले में मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट फैसला सुना सकती है। सूत्रों के अनुसार मामले में पूर्व में हुए आंदोलनों व विवादों से सबक लेते हुए पुलिस ने हर परिस्थिति से निपटने की तैयारी कर ली है। पुलिस का पहला कदम सुप्रीम कोर्ट के फैसले को शत प्रतिशत लागू कराना है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जो भी फैसला आएगा, उसे हर किसी को मानना चाहिए। कानून व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस-प्रशासन ने कमर कस ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *