चर्चित संजीव खन्ना हत्याकांड में दोषियों को उम्रकैद की सजा, 7 साल बाद मिला पीड़ित परिवार को न्याय
यमुनानगर के चर्चित न्यू यमुना ज्वेलर्स के मालिक संजीव खन्ना हत्याकांड में आखिरकार 7 साल बाद पीड़ित परिवार को न्याय मिला है। इस मामले में कोर्ट ने चारों दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई है। जिसमें हत्याकांड के मास्टरमाइंड साक्षी ज्वेलर्स के मालिक विनोद सूरी, उसके बेटे योगेश सूरी, रोहित और ग्लैडविन को उम्रकैद हुई है।
इस हत्याकांड में कातिलों ने संजीव खन्ना की हत्या के साथ उस भरोसे और ईमानदारी पर भी चोट पहुंचाई जिसकी बुनियाद पर पूरा सर्राफा कारोबार खड़ा रहता है।
हत्या के ये मामला 2018 का है, जब संजीव खन्ना ने विनोद सूरी को 30 लाख रुपए और 13 किलो सोना व्यवसाय के लिए दिया था। संजीव ने कई बार योगेश सूरी से अपनी राशि और सोना वापस मांगा, लेकिन योगेश टालमटोल करता रहा। संजीव की रकम और सोना हड़पने की नीयत से योगेश ने अपने पिता विनोद, दोस्त रोहित और ग्लैडविन के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
हत्याकांड को पंचकूला के रास्ते में शहजादपुर के नजदीक अंजाम दिया गया। पीछे बैठे रोहित ने बाइक की क्लच वायर संजीव के गले में कस दी। ग्लैडविन ने हथौड़े से संजीव के सिर में वार किये। इसके बाद योगेश ने हथौड़ा लेकर संजीव के सिर पर फिर ताबड़तोड़ हमला किया। संजीव खन्ना की मौत हो जाने के बाद उसने शव को एक खेत में फेंक दिया गया।
आज 7 साल बाद इस मामले में दोषियों को उम्रकैद की सजा हुई है। हालांकि सजा सुनाए जाने से पहले खन्ना परिवार के वकील ने चारों दोषियों को फांसी की सजा दी जाने की मांग की। सजा सुनाए जाने के बाद मृतक संजीव खन्ना के छोटे बेटे आनंद खन्ना, पत्नी रीना खन्ना ने संतुष्टी जाहिर की।